मसूरी। पर्यटक स्थल केटी फॉल में रविवार को घूमने आए एक पर्यटक के साथ हादसा हो गया। पानी की निकासी में अचानक फंस जाने से पर्यटक घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी अजय गौतम (32) अपने साथियों के साथ केटी फॉल घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान वह फॉल के पानी की निकासी के पास अचानक फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला। हादसे में अजय की सांसें उखड़ने लगीं और वह बेहोश हो गए।

घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक डॉक्टर ने देवदूत बनकर सीपीआर दिया और तत्काल उपचार शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद अजय को होश आया।

इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से मसूरी उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां डॉ. प्रशांत नेगी के नेतृत्व में उनका उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार, पानी फेफड़ों में चले जाने के कारण अजय का ऑक्सीजन स्तर काफी गिर गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया।

केटी फॉल थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह गुसाईं ने बताया कि नहाते समय पानी की निकासी में फंस जाने से पर्यटक घायल हुआ। उसे मसूरी में प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर किया गया है।

प्रशासन और पुलिस ने पर्यटकों से अपील की है कि बरसात के मौसम में केटी फॉल समेत अन्य जलप्रपातों और नदी-नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा प्रतिबंधित एवं खतरनाक स्थानों पर जाने से बचें।