ऋषिकेश , पहाड़ न्यूज टीम
ऋषिकेश : देहरादून रोड स्थित कोतवाली का सरकारी आवासीय भवन जर्जर हालत में है. जिसकी चारदीवारी भी खराब हालत में है, दीवारों पर पेड़ उग आए हैं। करीब चार साल पहले इस इमारत को गिरासू भी घोषित किया गया है। फिर भी कई पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर रिहायशी इमारतों में रह रहे हैं।
इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। जर्जर हालत में खड़ी कोई भी इमारत कभी भी गिर सकती है। अगर ऐसा होता है तो किसी बड़े खतरे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता है।
ऋषिकेश शहर में करीब तीन दर्जन ऐसी इमारतें हैं, जो जर्जर हालत में हैं। बरसात के दिनों में ये कभी भी गिर सकते हैं। लेकिन मुख्य रूप से देहरादून रोड स्थित ऋषिकेश कोतवाली के सरकारी आवासीय भवन की हालत बहुत खराब है. जिसमें अभी भी कई पुलिसकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर रह रहे हैं। वहीं, भवन से राहगीरों को भी खतरा है। दिलचस्प बात यह है कि मामला संज्ञान में होने के बावजूद भी अधिकारी जर्जर भवन में रह रहे पुलिसकर्मियों से भवन खाली कराने को तैयार नहीं हैं।
वहीं कुम्भ के दौरान जर्जर भवन को गिराकर उसके स्थान पर नया भवन बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया था । लेकिन कोरोना काल के कारण इस जर्जर भवन को गिराकर नया भवन नहीं बनाया जा सका। उस दौरान जर्जर भवन में रह रहे पुलिसकर्मियों से कमरों को खाली करा लिया गया था। लेकिन अब फिर से पुलिसकर्मी बिल्डिंग के कमरों में रहते नजर आ रहे हैं. इस संबंध में जब देहरादून जिले के पुलिस कप्तान जन्मेजय खंडूड़ी से पूछा गया तो उन्होंने जर्जर भवन की जानकारी नहीं होने का हवाला दिया. उन्होंने बताया कि मामले को दिखा जाएगा।

