पौड़ी : उत्तराखंड भाले के भक्तों की भीड़ बढ़ती ही जा रही है. हरिद्वार, ऋषिकेश और पौड़ी जिले के नीलकंठ महादेव के मंदिर में बड़ी संख्या में कांवड़िए पहुंच रहे हैं. वहीं पुलिस-प्रशासन की ओर से कांवड़ियों को हर संभव सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है.

सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए खुद पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारी जमीनी स्तर पर जा रहे हैं. शनिवार को पौड़ी के जिलाधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने कांवड़ियों के साथ आम आदमी की तरह नीलकंठ महादेव मार्ग पर करीब 12 किलोमीटर पैदल चलकर स्थिति का जायजा लिया.

इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों और अन्य भक्तों से भी बात की है और उनकी समस्याएं जानी हैं. वहीं, दुकानों के बाहर फैले कचरे पर जिलाधिकारी ने भी नाराजगी जताई है. इसके लिए जिलाधिकारी ने कुछ दुकानदारों को फटकार भी लगाई है और तत्काल सफाई करने को कहा है.

इसके अलावा जिलाधिकारी ने एसडीएम यमकेश्वर को यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही उन्होंने यात्रा मार्ग पर सफाई कर्मियों को दो पालियों में तैनात करने को कहा. उन्होंने कांवड़ मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिस कर्मियों को कांवड़ियों की आवाजाही के लिए अलग लाइन बनाने के निर्देश दिए.

इस दौरान डीएम ने स्वास्थ्य शिविर में जाकर कांवड़ियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों के लिहाज से सभी जरूरी दवाएं अपने पास रखने को कहा.

जौनपुर उत्तराखंड हरेला पर्व : देवीकोल मंदिर में हरेला पर्व के अवसर पर पूजा और वृक्षारोपण किया गया , आज देवीकोल मेले में भारी भीड़