देहरादून: सरकार ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दिए जाने वाले उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार की घोषणा की है. सरकार ने रविवार को पुरस्कार के लिए चुनी गई पांच प्रतिष्ठित हस्तियों के नामों की घोषणा की। इनमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल स्वर्गीय बिपिन रावत, केंद्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी, प्रसिद्ध गीतकार स्व गिरीश चंद्र तिवारी गिर्दा और साहित्यकार स्व वीरेन डंगवाल शामिल हैं।
सम्मान की शुरुआत 2021 के स्थापना दिवस से की गई थी
उत्तराखंड गौरव सम्मान वर्ष 2021 के स्थापना दिवस से शुरू किया गया था। यह पुरस्कार राज्य की पांच प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया जाता है। इन नामों का चयन मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित समिति करती है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को उत्तराखंड गौरव सम्मान पुरस्कार के लिए चयनित नामों की घोषणा की। इनमें से तीन हस्तियों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया जा रहा है.

दोनों साल के पुरस्कार 9 नवंबर को दिए जाएंगे
पिछले साल पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय स्व नारायण दत्त तिवारी, पर्यावरणिवद् पद्मभूषण डा अनिल प्रकाश जोशी, साहित्यकार रस्किन बांड, पर्वतारोही बछेंद्री पाल व लोक गायक नरेंद्र सिंह नेगी को इस पुरस्कार के लिए चुना गया था। तब इन पुरस्कारों का वितरण नहीं हो सका। इस बार दोनों वर्षों के पुरस्कार राज्य स्थापना दिवस पर 9 नवंबर को पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम में प्रदान किए जाएंगे. इस पुरस्कार में एक लाख रुपये का मानदेय, एक प्रशस्ति पत्र और एक स्मृति चिन्ह दिया जाता है।

