देहरादून : युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से गढ़वाल विश्वविद्यालय के सहयोग से पर्यटन विभाग द्वारा डेस्टिनेशन टूरिस्ट गाइड कोर्स चलाया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले चरण में टिहरी, पौड़ी और देहरादून जिले के 30-30 युवाओं ने गाइड की बारीकियों को सीखा। अब देश-दुनिया से आने वाले पर्यटकों को उत्तराखंड दिखाया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को भाषा शैली और हाव-भाव की बारीकियां भी सिखाई गईं। इसके अलावा उत्तराखंड में पर्यटकों को रोमांच का अनुभव कराने के लिए प्रतिभागियों को यहां की लोक कथाओं और लोकगीतों के बारे में भी बताया गया। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेने वालों को उत्तराखण्ड के वाद्य यंत्रों एवं उनसे जुड़े प्रसिद्ध लोक कलाकारों की जानकारी भी दी गई, ताकि वे स्वयं यहाँ की कला की विशेषताओं को जान सकें।

पाठ्यक्रम के तहत प्रतिभागियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। जिसके चलते वह उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों को यहां की खूबसूरत वादियों की सैर कराने के लिए तैयार हैं। गढ़वाल विश्वविद्यालय द्वारा तैयार पाठ्यक्रम के आधार पर इन प्रतिभागियों को अनुभवी एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा उत्तराखंड की भौगोलिक, राजनीतिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, लोकगीत, लोक वाद्य, जीवन शैली, खान-पान, बोली जाने वाली भाषा, मेले, औषधीय पौधों की जानकारी दी गई। यहां के महापुरूषों सहित गंगा, लोक पर्व, लोक परंपरा, मान्यता, लोक कथाओं एवं उनसे जुड़े तथ्यों की जानकारी दी गई।
उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड (यूटीडीबी) की अपर निदेशक पूनम चंद ने बताया कि विभाग द्वारा गढ़वाल विश्वविद्यालय के सहयोग से युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से यह विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. पहले चरण में टिहरी, पौड़ी व देहरादून जिले के प्रतिभागियों को गाइड की बारीकियां सिखाई गईं।
तीनों जिलों के प्रतिभागियों ने कोर्स पूरा कर लिया है, अब वे पर्यटन विभाग के सहयोग से देश-दुनिया के पर्यटकों को उत्तराखंड के भ्रमण पर ले जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि बागेश्वर जिले के कौसानी में इनटैक द्वारा यह कोर्स कराया जा रहा है. भविष्य में भी विभाग द्वारा इस तरह के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।
“क्या ड्रीम गर्ल” के निर्देशक राज शांडिल्य “हेरा फेरी 3” लिखेंगे और निर्देशित करेंगे!

