टिहरी : जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ सौरव गहरवार ने जिला कलेक्ट्रेट टिहरी गढ़वाल के समीप निर्माणाधीन पार्किंग स्थल, बौराडी अस्पताल एवं जिला चिकित्सालय बौराडी के आवासीय भवन के रास्ते में हो रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की.

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए. वहीं, जिला अस्पताल बौराड़ी के विभिन्न कक्षों के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य उपकरण, बिजली, पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया.
अस्पताल में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के साथ ही मरीजों को पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये. अस्पताल के बाहर कैंटीन में साफ-सफाई नहीं होने पर जिलाधिकारी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गई और संबंधित को चेतावनी देते हुए साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए गए.

इस अवसर पर सीएमएस जिला अस्पताल बौराडी डॉ. अमित रॉय सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

