मसूरी : एनएचएमएस के तहत करीब 350 पर्यावरण मित्रों और कीन संस्था के कर्मचारियों को नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने गर्म जैकेट वितरित किए। इस मौके पर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि उत्तराखंड में स्वच्छता सर्वेक्षण में मसूरी को प्रथम स्थान दिलाने में सफाई कर्मियों की अहम भूमिका रही है. कोरोना काल में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। सफाई कर्मचारियों का स्वास्थ्य हमारे लिए और शहर के लिए बहुत जरूरी है, सभी को इनकी चिंता करनी चाहिए। पहली बार एनएचएमएस की धनराशि का नगर पालिका द्वारा उनके हित में समुचित उपयोग किया जा रहा है।

नगर पालिका सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका द्वारा शहर की स्वच्छता में अहम भूमिका निभाने वाले पर्यावरण मित्रों को हीटेड जैकेट वितरित किए गए. जिससे सफाई कर्मचारी खासे उत्साहित नजर आए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सभी पर्यावरण मित्र पूरी ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं. इसके लिए सभी पर्यावरण मित्र बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भी इन कोरोना योद्धाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर शहर को स्वच्छ रखा है। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। नगर अध्यक्ष ने कहा कि अब सर्दी शुरू हो गई है और पर्यावरण मित्र शहर की सफाई में अहम भूमिका निभाते हैं, ऐसे में उन्हें गर्म जैकेट बांटना जरूरी है, ताकि ठंड में भी वे अपना काम अच्छे से कर सकें. उन्होंने कहा कि आज से पहले नगर पालिका में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित नहीं होते थे और सारा काम कागजों पर ही होता था. लेकिन आज नगर पालिका ने पर्यावरण मित्रों को गर्म जैकेट देकर सम्मानित किया है।

इस मौके पर उन्होंने कहा कि शहर के हर घर से गीला और सूखा कचरा एकत्र किया जाए और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं किया जाए। और कहा कि पर्यावरण को बचाने और प्लास्टिक मुक्त करने के लिए अभियान चलाया जाना चाहिए। इस मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी राजबीर सिंह चौहान ने सभी पर्यावरण मित्रों को वर्दी में रहने को कहा ताकि उनकी पहचान हो सके. इस अवसर पर कीन संस्था की निदेशक सुनीता कुंडले ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।

इस मौके पर कीन संस्था की संचालिका सुनीता कुंडले,नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आभास सिंह, स्वाथ्य निरीक्षक वीरेंद्र बिष्ट, किरण राणा मिया, अशोक कुमार सहित बड़ी संख्या में नगर पालिका के पर्यावरण मित्र व कीन मौजूद रहे.