देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 के लिए चयनित होने पर बागेश्वर जिले की कविता देवी और देहरादून जिले की निकिता चौहान को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह सम्मान मिलना प्रदेश के लोगों और खासकर हमारे प्रदेश की महिलाओं के लिए गर्व की बात है।यह सम्मान उत्तराखंड में जमीनी स्तर पर महिला नेतृत्व के असाधारण योगदान को मान्यता देता है।
यह सम्मान उन सभी लोगों को प्रेरित करेगा जो अपने गांवों को स्वच्छ बनाने और गांवों में पानी बचाने के लिए काम कर रहे हैं। गांवों को स्वच्छ बनाने, ओडीएफ प्लस मॉडल गांव बनाने, हर घर जल मिशन और जल संरक्षण में ग्राम प्रधानों और सरपंचों की अहम भूमिका होती है।उत्तराखंड में महिला ग्राम प्रधान, महिला सरपंच, महिला सफाई कर्मचारी, महिला स्वयं सहायता समूह, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बहनें जमीनी स्तर पर अपने प्रभावी नेतृत्व और कुशल प्रबंधन से राज्य के विकास में अहम योगदान दे रही हैं.
केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान के तहत 04 मार्च से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष उत्तराखंड की दो महिलाओं को स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 के लिए भी चुना गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत 04 मार्च को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में उनका अभिनंदन करेंगे। भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा जनपद बागेश्वर से सरपंच कविता देवी तथा देहरादून जिले से सरपंच निकिता चौहान को अपने गांवो को ओडीएफ (खुले में शौच से मुक्त) प्लस मॉडल बनाने की दिशा में उत्कृष्ट कार्य तथा असाधारण योगदान देने हेतु स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान 2023 के लिए चयनित किया गया है।

