देहरादून : राजधानी सहित हरिद्वार व टिहरी में अनुपयोगी वाहनों में लादकर स्कूली बच्चों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। यह बात परिवहन विभाग द्वारा चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान सामने आई है। विभाग ने ऐसे 30 वाहनों को पकड़ा, जो जांच के दौरान अनुपयुक्त पाए गए।
परिवहन विभाग ने दून, हरिद्वार और टिहरी में स्कूल बसों, वैन के खिलाफ दो दिवसीय विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 155 स्कूल बसों और वैन का चालान किया गया। साथ ही 22 वाहन सीज किए गए हैं। आरटीओ (प्रवर्तन) शैलेश तिवारी ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा गठित सड़क सुरक्षा समिति के निर्देश के अनुपालन में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर विभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष जांच अभियान चलाया गया.
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक स्कूल बसों को लेकर सीबीएसई बोर्ड और परिवहन विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन की सबसे ज्यादा धज्जियां राजधानी दून में हो रही है. दून में नियमों का उल्लंघन करने पर 100 स्कूल बसों का चालान किया गया, जबकि 18 वाहनों को सीज किया गया। हरिद्वार में 42 वाहन चालान व चार वाहन सीज किए गए। जबकि टिहरी में 13 स्कूली वाहनों का चालान किया गया।
बिना परमिट के चल रहे वाहन
आरटीओ प्रवर्तन तिवारी ने बताया कि विशेष जांच अभियान के दौरान 30 ऐसे वाहन पकड़े गए जो बिना परमिट के चल रहे थे. जबकि 25 वाहनों के चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस तक नहीं था। 21 वाहनों में प्राथमिक चिकित्सा पेटी नहीं थी और 15 वाहनों में अग्निशमन उपकरण नहीं थे।इतना ही नहीं, विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 11 ऐसे निजी वाहन जब्त किए गए, जिनसे बच्चों को स्कूल ले जाया जाता था. नियमानुसार स्कूली बच्चों को निजी वाहनों में व्यावसायिक रूप से नहीं ले जाया जा सकता है।

