देहरादून : उत्तराखंड के तीन खेल प्रशिक्षकों को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार और तीन खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार और कई अन्य पुरस्कारों के लिए चुना गया है। खेल निदेशालय की एक समिति ने पुरस्कार के लिए नामों की सिफारिश की है और सोमवार को इसे मंजूरी के लिए सरकार के पास भेज दिया है।
पुरस्कार के लिए नामों की घोषणा सरकार की हाई पावर कमेटी और खेल मंत्री की मंजूरी के बाद की जाएगी। खेल निदेशक जितेंद्र कुमार सोनकर के मुताबिक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 24 मार्च को इन सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को पुरस्कृत करेंगे.

प्रदेश के खिलाड़ियों ने देश-दुनिया में हॉकी, क्रिकेट और बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों में अपना लोहा मनवाया है, लेकिन विगत चार वर्षों से प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों को विभिन्न कारणों से पुरस्कार नहीं मिल सका। हालांकि विभाग की ओर से समय-समय पर आवेदन मांगे जाते रहे, लेकिन इसके लिए खिलाडिय़ों व खेल प्रशिक्षकों के नाम फाइनल नहीं हो सके।
खेल विभाग के निदेशक जितेंद्र कुमार सोनकर के अनुसार विभाग ने सोमवार को वर्ष 2019-20, 2020-21 और 2021-22 के पुरस्कारों के लिए नामों की अनुशंसा कर शासन की उच्चाधिकार प्राप्त समिति को भेज दी है.
द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए आठ और खेल रत्न के लिए 11 आवेदन प्राप्त हुए थे
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभाग को द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए आठ और खेल रत्न पुरस्कार के लिए 11 आवेदन मिले हैं, जबकि लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार के लिए छह आवेदन प्राप्त हुए हैं. निदेशालय की कमेटी ने इन नामों पर विचार कर शासन को भेजा है।
पिछले चार साल से नहीं मिला अवार्ड
खेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार प्रदेश में विगत चार वर्षों से कोविड व अन्य कारणों से खिलाडिय़ों व खेल प्रशिक्षकों को पुरस्कृत नहीं किया जा सका था, लेकिन अब पुरस्कारों की घोषणा के बाद इन्हें पुरस्कृत किया जायेगा.
सीएम धामी करेंगे पुरस्कृत 24 मार्च को
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 24 मार्च को परेड ग्राउंड में खेल विभाग द्वारा आयोजित समारोह में 200 से अधिक खिलाडिय़ों व प्रशिक्षकों को सम्मानित करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

