सिक्किम,
सिक्किम में बादल फटने के बाद तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आने की वजह से 23 जवान लापता हो गए। डिफेंस PRO के मुताबिक, ल्होनक झील के ऊपर मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे के आसपास बादल फटा, इसके बाद लाचेन घाटी में तीस्ता नदी में अचानक बाढ़ आ गई। बादल फटने के बाद नदी पर बने कुछ पुल और सड़कों को भी काफी नुकसान पहुंचा है।

बताया जा रहा है की नदी से लगे इलाके में ही सेना का कैंप था, जो बाढ़ की चपेट में आने के बाद बह गया। गुवाहाटी के डिफेंस PRO ने बताया- अचानक पानी बढ़ने के कारण चुंगथांग बांध से पानी छोड़ना पड़ा। जिसके कारण निचले इलाके भी डूबने लगे हैं। यहां सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के 41 वाहन डूब गए।

सेना के मुताबिक, बादल फटने की घटना के बाद तीस्ता नदी का जलस्तर अचानक 15 से 20 फिट तक बढ़ गया। इसके बाद नदी से लगे आसपास के इलाकों में पानी भर गया। कई घरों में भी नदी का पानी घुस आया। लोग घर छोड़कर सुरक्षित इलाकों में चले गए। और रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी हैं।

गुवाहाटी के डिफेंस PRO ने बताया कि हादसे के बाद सेना के लापता जवानों की तलाशी के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। स्थानीय प्रशासन भी अपने स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। हालांकि जानमाल के नुकसान को लेकर कोई जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

