हरिद्वार-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेपाली फार्म के पास स्थित पीएनजी गोदाम के सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। विस्फोटों की गर्जना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दमकलकर्मी आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रायवाला थाना पुलिस को रात करीब 11 बजे नेपाली फार्म के पास पीएनजी के केंद्रीय भंडारण गृह में भीषण आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के निर्देश पर ऋषिकेश से दमकल नेपाली फार्म पहुंची। थाना प्रभारी ने बताया कि गोदाम के अंदर गेल कंपनी के प्लास्टिक पाइप व अन्य सामान रखा हुआ है. कहा कि गोदाम में खड़ी एक जेसीबी भी जल गई। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र खाती ने बताया कि देहरादून से पानी के दो टेंडर (पानी के टैंकर) और एक फोम टेंडर (ज्वलनशील गैस और तेल बुझाने के लिए) भेजे गए हैं. आग पर लगभग काबू पा लिया गया है. हरिद्वार से दो, ऋषिकेश से दो और रानीपोखरी से एक गाड़ी मौके पर भेजी गई है। खाती ने बताया कि एक पाइप में आग लग गई, जिसके बाद आग फैल गई।

