मसूरी : विंटर लाइन कार्निवाल को लेकर उप जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई.

मालूम हो कि 26 दिसंबर से 30 दिसंबर तक विंटर लाइन कार्निवाल का आयोजन किया जाना है, जिसमें लोक कलाकारों के साथ-साथ प्रसिद्ध बॉलीवुड कलाकार और पंजाबी गायक मान के साथ-साथ नेपाली कलाकार भी शामिल होंगे .

उपजिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि 26 दिसंबर को सर्वेक्षण मैदान से सांस्कृतिक झांकी निकाली जाएगी, जिसमें लोक वाद्यों के साथ स्थानीय व राज्य स्तरीय कलाकार शामिल होंगे. झांकी सर्वे ग्राउंड से शुरू होकर लन्ढौर बाजार मॉल रोड से गांधी चौक तक जाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में नरेंद्र सिंह नेगी, प्रीतम भरतवाण, मीना राणा, संगीता ढौंडियाल के साथ बॉलीवुड कलाकार भी प्रस्तुति देंगे.

उन्होंने बताया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए कबड्डी, कैरम, ट्रेकिंग, हाफ मैराथन, डिबेट, कंपटीशन, पेन्टिग, फैशन शो, मॉडलिंग आदि जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। पहाड़ी उत्पादों और व्यंजनों के लिए एक फूड फेस्टिवल भी आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के उद्घाटन के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से भी बातचीत की जा रही है और उम्मीद है कि मुख्यमंत्री ही कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे.

इस मौके पर होटल एसोसिएशन के महासचिव अजय भार्गव, आरएन माथुर, भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, महामंत्री कुशाल राणा, महिला मोर्चा अध्यक्षा पुष्पा पडियार, कोतवाल डीएस कोहली, संस्कृत कर्मी अनिल गोदियाल, मसूरी स्पोर्टस एसोसिएशन के अध्यक्ष सूरत सिंह रावत,नरेंद्र पडियार आदि उपस्थित रहें।