काशीपुर में आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा है कि दिल्ली से आकर यहां काम करने की राजनीति का पूरे उत्तराखंड में असर दिखाई दे रहा है और लोग तेजी से आम आदमी पार्टी के साथ जुड़ते चले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब वह समय दूर नहीं जब देवभूमिवासी आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर प्रदेश के नवनिर्माण के सपने को साकार करेंगे । दिनेश मोहनिया ने यहां रामनगर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली के साथ भाजपा, आरएसएस, विद्यार्थी परिषद तथा अन्य दलों को छोड़कर आए दर्जनों लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बता दें कि आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया के सोमवार को रामनगर रोड स्थित पार्टी कार्यालय पर पहुंचने पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली, जिलाध्यक्ष मुकेश चावला समेत सभी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया । इस दौरान उन्होंने भाजपा के पूर्व नगर इकाई कोषाध्यक्ष हर्ष कक्कड़ के नेतृत्व में आए दर्जनों युवाओं व महिलाओं को पार्टी में शामिल कराया । प्रदेश प्रभारी श्री मोहनिया ने पार्टी में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया। इस दौरान श्री मोहनिया ने कहा कि खुद को राष्ट्रीय दल कहने वाली पार्टियां जाति और धर्म की राजनीति कर देश को लूटती चली आ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी जनता के हित में काम करने की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही पार्टी उत्तराखंड में अपने उम्मीदवार घोषित करेगी ताकि उन्हें जनता के बीच जाने के लिए कम से कम 3 माह का भरपूर समय मिले । उन्होंने कहा कि हम ऐसा उत्तराखंड बनाएंगे जैसा यहां की जनता और उत्तराखंड आंदोलन के शहीदों ने सोचा था। उन्होंने कहा कि काशीपुर से चली परिवर्तन की लहर पूरे उत्तराखंड तक पहुंचेगी और प्रदेश में आने वाली सरकार आम आदमी पार्टी की ही होगी। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि अब वह किसी के बहकावे में ना आए और चमकता हुआ उत्तराखंड बनाने के लिए आप पार्टी का ही साथ देंं। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्री मोहनिया की मौजूदगी में पूछे गए एक सवाल के जवाब में प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक बाली ने कहा कि उन्होंने नगर निगम की मेयर पर टचिंग ग्राउंड के नाम पर 50 करोड़ के खनन कार्य में लिप्त होने का जो आरोप लगाया है, पूरी पार्टी इस आरोप के पक्ष में उनके साथ खड़ी हुई है, और हम दूध का दूध और पानी का पानी करके रहेंगे ताकि टचिंग ग्राउंड से ग्रामीणों को बचाया जा सके।