नैनबाग/जौनपुर। टिहरी गढ़वाल के जौनपुर अठज्यूला क्षेत्र की ग्राम पंचायत कांडी के होनहार छात्र अभिनव रावत ने री-NEET 2026 परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 18,000 प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जौनपुर क्षेत्र, टिहरी गढ़वाल और रावत समाज में खुशी की लहर है।

अभिनव रावत, स्वर्गीय शूरवीर सिंह रावत एवं श्रीमती बिंद्रा रावत के पुत्र हैं। पिता के असमय निधन के बाद परिवार ने कठिन परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन उनकी माताजी ने अपने बेटे की शिक्षा और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर कदम पर उसका हौसला बढ़ाया। अभिनव ने भी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

इस अवसर पर अभिनव की माताजी श्रीमती बिंद्रा रावत ने भावुक होते हुए कहा कि बेटे की सफलता उनके लिए जीवन का सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने अपने दिवंगत पति शूरवीर सिंह रावत को याद करते हुए कहा कि आज जो सफलता मिली है, उसमें उनके द्वारा दिए गए अनुशासन, संस्कार और जीवन मूल्यों की सबसे बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा, “मेरे पति हमेशा शिक्षा, मेहनत और ईमानदारी पर जोर देते थे। आज अभिनव की सफलता उन्हीं के संस्कारों और बेटे की अथक मेहनत का परिणाम है।”

परिवार के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों ने अभिनव की इस उपलब्धि को पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया है। उनका मानना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

अभिनव रावत की इस सफलता पर ग्राम पंचायत कांडी, जौनपुर अठज्यूला क्षेत्र तथा टिहरी गढ़वाल के लोगों ने उन्हें एवं उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं। यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने की प्रेरणा देगी।