कृषि मंत्री : शनिवार को उत्तराखंड सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय राज्य कृषि विपणन बोर्ड परिषद (COSAMB) के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया. गणेश जोशी ने पदभार ग्रहण करने के बाद प्रेस प्रतिनिधियों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता को इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है.
उन्होंने ठान लिया है कि वह इस जिम्मेदारी को निभाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही दाम मिले, सीधे किसानों से ही उपज खरीदने की जिम्मेदारी हमारी होगी। उनका संकल्प है कि वह किसानों की आय दोगुनी करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में नकदी फसलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में सेब और कीवी मिशन के माध्यम से सेब, कीवी और चाय आदि के क्षेत्र में पहचान बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मंडियों को हाईटेक बनाने का काम किया जाएगा, सभी मंडियों को एक छत के नीचे लाने का काम किया जाएगा ताकि किसानों को भटकना न पड़े.

