अल्मोड़ा : उत्तराखंड के लक्ष्य सेन के गोल्ड मेडल की जीत पर देश में खुशी की लहर है. वहीं, लक्ष्य सेन के गृह जनपद अल्मोड़ा में भी खुशी की लहर है। लक्ष्य के कॉमनवेल्थ में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर अल्मोड़ा बैडमिंटन संघ ने चौघानपाटा में जबरदस्त आतिशबाजी की और मिठाइयां बांटी. इस दौरान उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने कहा कि लक्ष्य सेन ने एक बार फिर पूरे देश को गौरवान्वित किया है. इसके साथ ही दुनिया में अल्मोड़ा जिले का नाम रोशन हुआ है।

लक्ष्य सेन की इस उपलब्धि पर अल्मोड़ा में उनके परिवार वालों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लक्ष्य सेन के माता-पिता वर्तमान में बैंगलोर में रहते हैं। लक्ष्य के फूफा भारतेंदु पंत और उनकी बुआ गीता पंत अल्मोड़ा में रहते हैं। उन्होंने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर लक्ष्य की इस उपलब्धि का जश्न मनाया। इस स्वर्ण के साथ लक्ष्य राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुष एकल में पदक जीतने वाले भारत के 10वें खिलाड़ी और स्वर्ण जीतने वाले चौथे एथलीट बन गए।
लक्ष्य के मामा के घर में लगा बधाईयों का तांताः हल्द्वानी में लक्ष्य सेन के मामा कुंद और कजन भाई पूरण के घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है. सभी एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार कर रहे हैं. हल्द्वानी शहर में भी खिलाड़ियों में खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है.
2022 कॉमनवेल्थ खेलों में बैडमिंटन के पुरुष एकल फाइनल में, भारत के युवा खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने मलेशिया के एंग जे यॉन्ग को 19-21, 21-9, 21-16 से हराया। इसके साथ ही उन्होंने गोल्ड मेडल जीता है। लक्ष्य पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेल रहे हैं और पहली बार उन्होंने सीधे तौर पर गोल्ड पर निशाना साधा है।


Recent Comments