एशिया कप 2022 श्रीलंका बनाम पाकिस्तान फाइनल: श्रीलंका ने रविवार को खेले गए दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एशिया कप 2022 के फाइनल में पाकिस्तान को 23 रन से हराकर छठी बार खिताब अपने नाम किया। श्रीलंका ने इससे पहले 1986, 1997, 2004, 2008 और 2014 में एशिया कप का खिताब जीता था। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और श्रीलंका ने 6 विकेट पर 170 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी। इस हार के साथ ही पाकिस्तान का तीसरी बार एशिया कप जीतने का सपना टूट गया। श्रीलंका के लिए प्रमोद मदुशन ने 4 और वानिंदु हसरंगा ने 3 विकेट लिए।

पाकिस्तान से मिले 171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 22 के स्कोर पर लगातार दो विकेट गंवाए. प्रमोद मदुशन ने पहले कप्तान बाबर आजम (5) और फिर फखर जमां (0) को बिना खाता खोले बोल्ड किया. इसके बाद मोहम्मद रिजवान (55) ने इफ्तिखार अहमद (32) के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंदों पर 71 रन की साझेदारी की. इफ्तिखार ने 31 गेंदों में दो चौके और एक छक्का लगाया। उनके आउट होने के बाद मोहम्मद नवाज (6) भी मदुशन के तीसरे शिकार बने।

पाकिस्तान को आखिरी चार ओवरों में 61 रनों की जरूरत थी और रिजवान अर्धशतक बनाकर क्रीज पर बने रहे. लेकिन तभी वानिंदु हसरंगा ने रिजवान को बाउंड्री पर कैच कराकर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया. रिजवान ने 49 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाया। रिजवान के आउट होते ही पाकिस्तान की टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और लक्ष्य से काफी दूर रही. हसरंगा ने ने एक ही ओवर में तीन विकेट लेकर पाकिस्तान की कमर तोड़ दी। श्रीलंका की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की टीम निर्धारित 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी।

इससे पहले भानुका राजपक्षा ने नाबाद 71 रन बनाकर श्रीलंका को 6 विकेट पर 170 रन तक पहुंचाया . राजपक्षा ने आखिरी चार ओवरों में 50 रन बनाकर श्रीलंका को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। नसीम शाह ने चार ओवर में 40 रन देकर एक विकेट लिया जबकि हारिस रऊफ ने चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए। दोनों ने पिच से मिली मदद का पूरा फायदा उठाया और पावरप्ले में श्रीलंकाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, लेकिन तब राजपक्षा ने संकटमोचक की भूमिका निभाई और अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ अर्धशतक बनाया। स्पिनर शादाब खान ने चार ओवर में 28 रन देकर एक विकेट लिया।

राजपक्षा ने 45 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 71 रन बनाए और वानिंदु हसरंगा ने 21 गेंदों में 36 रन बनाए। दोनों ने 58 रनों की शानदार साझेदारी की, जबकि एक समय श्रीलंका का स्कोर पांच विकेट पर 58 रन था। चामिका करूणारत्ने के साथ राजपक्षा ने 54 रन जोड़कर श्रीलंका को 160 के पार पहुंचाया। पाकिस्तान के 19 वर्षीय तेज गेंदबाज शाह ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखा और कुसल मेंडिस को बिना खाता खोले ही पवेलियन भेज दिया। धनंजय डिसिल्वा (21 गेंदों में 28 रन) ने कुछ अच्छे शॉट लिए लेकिन ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए। पाथुम निसांका (आठ) को रऊफ ने पवेलियन भेजा, जबकि धनुष्का गुणतिलका (एक) उनकी शानदार आउटस्विंगर का शिकार हुए ।