Asia Cup 2022 : भारत ने दुबई में खेले गए एशिया कप 2022 के ग्रुप ए के दूसरे मैच में हॉन्ग कॉन्ग को 40 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने एशिया कप के सुपर 4 में जगह बना ली है. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में हॉन्ग कॉन्ग की टीम निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 152 रन ही बना सकी। बता दें कि अफगानिस्तान की टीम यहां पहुंच चुकी है, ऐसे में अब तय है कि भारत अपने ग्रुप में नंबर-1 पर बना रहेगा.

भारत के लिए भुवनेश्वर, आवेश, रवींद्र जडेजा और अर्शदीप सिंह ने 1-1 विकेट लिए। हॉन्ग कॉन्ग की टीम की बात करें तो बाबर हयात ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए, जबकि किंचित सिंह ने 30 रन बनाए। लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। भारतीय टीम की बल्लेबाजी की बात करें तो सूर्यकुमार यादव पूरे मैच के स्टार बनकर उभरे। उन्होंने 26 गेंदों में 68 रन की पारी खेली और पूरे मैच को पलट दिया। पूर्व कप्तान के साथ विराट कोहली भी रंग में नजर आए। विराट ने 44 गेंदों में 59 रन की पारी खेली.
रोहित ने कही ये बात सूर्यकुमार यादव को लेकर
जीत के बाद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि हमने शुरुआत में काफी अच्छी बल्लेबाजी की और एक टीम के तौर पर काफी अच्छा स्कोर बनाया। रोहित ने कहा कि हम गेंद से थोड़ा बेहतर कर सकते थे। वहीं रोहित शर्मा ने सूर्यकुमार यादव को लेकर कहा कि आज उन्होंने जिस तरह की पारी खेली उसके लिए शब्द कम होंगे. हमने उन्हें कई बार ऐसा करते देखा है। वह निडर होकर बल्लेबाजी करते हैं। टीम उनसे क्या उम्मीद करती है।
उन्होंने जो कुछ शॉट खेले उसे देखकर बहुत अच्छा लगा। उनका शॉट चयन बहुत महत्वपूर्ण था। हम जानते हैं कि वह मैदान के चारों ओर हिट कर सकते हैं। रोहित ने कहा कि ज्यादातर खिलाड़ी मौके का फायदा उठाने के लिए तैयार हैं और जरूरत पड़ने पर बल्लेबाजी के लिए भी तैयार हैं. यही टीम का लचीलापन है जिसकी हमें जरूरत है।
हारने पर हॉन्ग कॉन्ग के कप्तान ने क्या कहा?
हॉन्ग कॉन्ग के कप्तान निजाकत खान ने कहा कि जिस तरह से हमने गेंद से शुरुआत की, 13वें ओवर तक हम कमाल के थे। हमारी फील्डिंग भी कमाल की थी। लेकिन उसके बाद हम फिसल गए। सूर्यकुमार ने जिस तरह से बल्लेबाजी की वह देखने लायक था। (एशिया कप) में सभी लड़कों के लिए यह एक अच्छा मौका था। हम लंबे समय से दूर थे, इसका श्रेय टीम के खिलाड़ियों को जाता है और मुझे वास्तव में उन पर गर्व है। हम आगे जाकर अपनी डेथ बॉलिंग पर कड़ी मेहनत करेंगे और एक टीम के रूप में सुधार करने की कोशिश करेंगे।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार सूर्यकुमार यादव के नाम
बता दें कि मैच में 26 गेंदों में 68 रन की पारी खेलने वाले सूर्यकुमार यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड दिया गया। यादव ने कहा कि कुछ शॉट पूर्व निर्धारित होते हैं। यह प्रारूप है कि आप इसके बारे में क्या सोचते हैं और बल्लेबाजी के लिए जाने से पहले आप कैसे तैयारी करते हैं। साथ ही आपको वर्तमान में भी रहना है। मुझे लगा कि विकेट थोड़ा धीमा है। मेरी योजना स्पष्ट थी। मेरी भूमिका अंदर जाने और रन गति बढ़ाने की थी। उन्होंने कहा कि आपको किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी के लिए तैयार रहना होगा और मैंने ओपनिंग भी की है. मैंने सभी नंबरों पर बल्लेबाजी की है। मुझे बहुत मजा आया।
दिलचस्प बात यह है कि 2 सितंबर को पाकिस्तान का हॉन्ग कॉन्ग से मुकाबला होगा, जिस पर सबकी निगाहें होंगी. क्योंकि अगर पाकिस्तान वहां जीत जाता है तो सुपर-4 में भी पहुंच जाएगा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान के बीच 4 सितंबर को होने वाला मैच फिक्स माना जाएगा.

