केदारनाथ धाम जाने के लिए रजिस्ट्रेशन आठ मई तक प्रतिबंधित रहेगा। केदारघाटी में अगले तीन से चार दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है। बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए पंजीकरण आसानी से हो रहा है।
केदारनाथ धाम के कपाट 25 अप्रैल को खोले गए थे। तब से धाम में लगातार बारिश और बर्फबारी हो रही है। हालांकि चार मई तक 1.23 लाख से ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। खराब मौसम के कारण सरकार को यात्रा का पंजीकरण रोकना पड़ा।
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं के लिए कोटा प्रणाली समाप्त होने के बाद पंजीकरण में वृद्धि देखी गई है, लेकिन बारिश और बर्फबारी से यात्रा बाधित है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरकार को केदारनाथ धाम की यात्रा रोकनी पड़ी।
पर्यटन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, 10 मई तक केदारनाथ धाम के लिए 1.26 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। खराब मौसम के बाद भी बाबा केदार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। इसका अंदाजा हेली सर्विस टिकट के रजिस्ट्रेशन और बुकिंग से लगाया जा सकता है।

