हल्द्वानी : वनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गौला पुल बाइपास पर रविवार देर रात बाइक दुर्घटना में न्यू बस्ती इंदिरा नगर निवासी एक युवक की मौत हो गयी. दो युवक बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे का कारण बाइक की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम आज किया जाएगा। वहीं, युवक की मौत के बाद उसके परिवार में मातम छाया है.

आपको बता दें, रविवार की रात नई बस्ती गोपाल मंदिर निवासी 25 वर्षीय आसिफ अंसारी पुत्र वकील अपने तीन दोस्तों के साथ बाइक पर घूमने के लिए इंदिरा नगर रेलवे क्रॉसिंग से गौला पुल की ओर जा रहे थे . बाइक की स्पीड बहुत तेज थी। गौला बाइपास पर कचरा घर के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में आसिफ अंसारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अहद और आरशान घायल हो गए।

सूचना के बाद वनभूलपुरा थाना के एसओ नीरज भाकुनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया। आसिफ की मौत से उनके घर में कोहराम मच गया है। घायल दो युवकों की हालत भी नाजुक बनी हुई है। उनको भी गंभीर चोटें आई हैं।