देहरादून : जोशीमठ में भू-धंसाव से बनी आपदा की स्थिति को देखते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक्शन एंड रिसर्च सोसायटी द्वारा आपदा राहत सामग्री ले जा रहे वाहन को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. राहत सामग्री में हीटर, कंबल, केतली, बिस्कुट, मैगी, दंत क्रांति, साबुन, नमकीन आदि शामिल हैं।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि हमारे सभी जनप्रतिनिधियों ने हर तरह से सहयोग करने का काम किया है. उन्होंने कहा कि सभी मंत्रियों व विधायकों ने जोशीमठ वासियों को अपनी एक माह की पेंशन दी है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी उपलब्ध कराया जा रहा है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जोशीमठ भेजी गई राहत सामग्री के लिए मंत्री गणेश जोशी का आभार भी जताया।

इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावितों के साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि ये राहत सामग्री रविवार को भेजी गई है और भविष्य में जो जरूरत होगी, उसे भी पूरा किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार जोशीमठ की तकनीकी रिपोर्ट ले रही है, जिसके आधार पर प्रभावितों का पुनर्वास किया जाएगा. मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जोशीमठ की स्थिति के बारे में लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फीडबैक ले रहे हैं.

मंत्री ने जोशीमठ वासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार जोशीमठ की जनता के साथ खड़ी है.

इस अवसर पर समिति अध्यक्ष नेहा जोशी, कैलाश पंत, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, महानगर महामंत्री सुरेन्द्र राणा, मंडल महामंत्री आशीष थापा आदि मौजूद रहे.