मसूरी। मसूरी के डिप्टी कलेक्टर शैलेन्द्र नेगी का तबादला होने पर भाजपा मसूरी मंडल व ट्रेड यूनियन की ओर से उनका पुष्प गुच्छ एवं शाल भेंट कर अभिनंदन किया गया. उन्होंने डिप्टी कलेक्टर नेगी के कार्यकाल में मसूरी के हित में किए गए कार्यों और विंटर लाइन कार्निवाल के सफल आयोजन की सराहना की.
एसडीएम कार्यालय में तबादले पर डिप्टी कलेक्टर शैलेंद्र नेगी का भाजपा मसूरी मंडल व ट्रेड यूनियन की ओर से अभिनंदन किया गया. इस मौके पर उन्हें गुलदस्ता और शॉल भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं।
बता दें कि उप जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी का तबादला डोईवाला कर दिया गया है। मात्र 4 माह के कार्यकाल में उन्होंने अपने कुशल आचरण और कार्यशैली से मसूरी की स्थानीय जनता के दिलों में एक विशेष स्थान बना लिया है। उनके कुशल नेतृत्व में पहली बार विंटर लाइन कार्निवाल एवं ईगास महोत्सव का सफल आयोजन किया गया।

उपजिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने कहा कि कम समय में ही उनका मसूरी से गहरा लगाव हो गया और यहां की भौगोलिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हो गए। लेकिन सरकार ने उन्हें डोईवाला की जिम्मेदारी दी है, जिसे वह पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मसूरी विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है और इसे संरक्षित करने की जिम्मेदारी मसूरी के लोगों की है। विटर लाइन कार्निवाल एक भव्य उत्सव था जो सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।साथ ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निष्पक्ष रूप से की गई। उन्होंने कहा कि मसूरी की सुंदरता को बनाए रखने के लिए मसूरी के लोगों को सोचना होगा। जिस तरह से यहां निर्माण हो रहा है, वह सीमित होना चाहिए और एमडीडीए के संयुक्त सचिव रहते हुए उन्होंने इसके लिए प्रयास किया।
इस मौके पर बोलते हुए भाजपा मसूरी मंडल के पूर्व अध्यक्ष मोहन पेटवाल ने कहा कि डिप्टी कलेक्टर ने मसूरी में अतिक्रमण समेत कई अभियान चलाए थे. उन्होंने कहा कि मसूरी की जनता से उनके अच्छे संबंध हैं। उन्होंने कहा कि कुशल प्रशासक होने के साथ-साथ वे एक बेहतरीन इंसान भी हैं। उन्हें उम्मीद थी कि डोइवाला में भी वे अपनी कुशल प्रशासनिक क्षमता से लोगों का दिल जीत लेंगे।उन्होंने इस अवसर पर यह भी कहा कि मसूरी में एसडीएम हों या कोतवाल, उन्हें शहर को समझने और उसके अनुसार कार्य करने के लिए कम से कम एक या दो साल का समय मिलना चाहिए। जल्द स्थानांतरण हुआ तो मसूरी का विकास प्रभावित होगा।
इस मौके पर भाजपा मसूरी मंडल उपाध्यक्ष व नगर पार्षद अरविंद सेमवाल, सतीश ढौडियाल, महामंत्री कुशाल राणा, ओपी थपलियाल, मुकेश धनाई, व्यापार संघ महामंत्री जगजीत कुकरेजा व कोषाध्यक्ष नागेद्र उनियाल मौजूद रहे.
चमोली : मार्च के पहले सप्ताह से भेंटा-भर्की सड़क का काम शुरू हो जाएगा

