कैंपटी में लोक निर्माण विभाग की सब-डिवीजन स्थापना समेत सात विकास कार्यों की उठाई मांग, शासन ने शीघ्र कार्रवाई का दिया आश्वासन
देहरादून। जौनपुर क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं को गति देने के लिए ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने उत्तराखंड शासन के मुख्य सचिव आनंद वर्धन सहित सचिव वित्त एवं सचिव लोक निर्माण विभाग से मुलाकात कर क्षेत्र की जनसमस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, डामरीकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े सात प्रमुख विकास कार्यों के संबंध में ज्ञापन सौंपकर शीघ्र स्वीकृति की मांग की।
ज्ञापन में कैंपटी में लोक निर्माण विभाग की सब-डिवीजन स्थापित करने, एनएच-707ए के किलोमीटर 139 पर क्षतिग्रस्त सड़क का निर्माण शीघ्र पूरा कराने तथामंसोली खाले नामे तोक गौड़ चमासारी से मवाणा तक 8 किमी० सड़क निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की गई ।
इसके अलावा भटौली-मदर्सू मोटर मार्ग के घड़ियाला से सरतली तक छह किलोमीटर सड़क निर्माण, कैंपटी-थत्युड़ मोटर मार्ग पर मुख्य बाजार से अस्पताल रोड तक इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने और ग्राम पंचायत सैंजी के अंतर्गत मसूरी-चकराता मोटर मार्ग से सेमलसारी-बांदला तक तीन किलोमीटर सड़क निर्माण का मामला भी उठाया गया।
वहीं, बनोगी-चम्या मोटर मार्ग के शेष 2.5 किलोमीटर हिस्से के निर्माण की स्वीकृति देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
जनता को मिलेगी राहत, विकास कार्यों में आएगी तेजी
ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने कहा कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं लंबे समय से लंबित हैं। इन सड़कों का निर्माण होने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने शासन से जनहित को सर्वोपरि रखते हुए सभी प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का अनुरोध किया। मुलाकात के दौरान शासन की ओर से संबंधित विषयों पर जल्द कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर वीरेंद्र पंवार, मुकेश पंवार (प्रधान, ग्राम पंचायत नवाड़ीधार) और कमल सिंह रावत (मंडल उपाध्यक्ष, भाजपा नैनबाग) उपस्थित रहे।



