मसूरी। मसूरी-देहरादून मार्ग पर एक पिकअप वाहन के अंदर 21 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान टकराना, कैंपटी निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है। वह पिकअप वाहन चलाने का काम करता था।

पुलिस के मुताबिक, मनीष कुमार पिकअप लेकर मसूरी से देहरादून की ओर निकला था। इसी दौरान उसका भाई अनुज भी किसी काम से उसी दिशा में जा रहा था। रास्ते में अनुज की नजर सड़क किनारे खड़ी मनीष की पिकअप पर पड़ी। संदेह होने पर वह वाहन के पास पहुंचा तो अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए।

अनुज ने मनीष को वाहन के बाएं डाले पर सफेद रंग की पतली रस्सी के सहारे फंदे पर लटका देखा। उसने तुरंत फंदा खोलकर मनीष को वाहन के अंदर लिटाया और घटना की जानकारी कोलूखेत पुलिस चौकी को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस घटना को लेकर सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल कर रही है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।