ऋषिकेश: आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रदेश में सियासी घमासान देखने को मिल रहा है. इस बार भी बीजेपी पांचों सीटों पर कब्जा करना चाहती है. यही वजह है कि अब सभी सांसद और मंत्री मैदान में नजर आ रहे हैं. इसके अलावा भी कई कार्यक्रमों की योजना बनाई जा रही है. मोदी सरकार के 9 साल पूरे होने पर उपलब्धियां गिनाई जा रही हैं. इसी कड़ी में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पांचों सीटें जीतने का दावा किया.
दरअसल, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने बीजेपी कार्यालय में पत्रकारों से विकास पर चर्चा की. इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण देश समग्र विकास में सातवें स्थान पर पहुंच गया है. फिलहाल 80 करोड़ गरीबों को राशन मिल रहा है. वहीं, योजना के तहत 12 करोड़ लोगों को शौचालय बनाया गया है. तीन करोड़ लोगों को आवास दिया गया है.

इसके अलावा उन्होंने कहा कि 11 करोड़ किसानों की आय बढ़ने से उन्हें फायदा हुआ है. ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन का काम भी जल्द शुरू होने वाला है। इसके अलावा महिलाओं के लिए उज्ज्वला गैस योजना चलायी जा रही है. सभी योजनाओं से जनता को लाभ हुआ है।
कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने दावा किया कि इन योजनाओं के फायदे को देखते हुए 2024 में केंद्र में फिर से मोदी सरकार बनने जा रही है. उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटें फिर से भाजपा की झोली में होंगी। बीजेपी का हर कार्यकर्ता पिछले 5 साल से लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लगा हुआ है.

