टनकपुर : पूर्णागिरि धाम में नववर्ष के अवसर पर उमड़े श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को तहसील में बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम ने मेले से संबंधित विभागों के अधिकारियों को नववर्ष से पूर्व सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए. इस बार तय हुआ कि भंडारा कराने वालों से कोई फीस नहीं ली जाएगी।
एसडीएम सुंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभागों को ठूलीगाढ़ से भैरव मंदिर तक 35 टैक्सी जीप चलाने और साफ-सफाई, बिजली, पेयजल और पार्किंग व्यवस्था में सुधार करने का निर्देश दिया गया. एसडीएम ने मेला क्षेत्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिविर लगाने, टैक्सी में रेट लिस्ट चिपकाने, सीसीटीवी लगाने, बिजली व्यवस्था समय पर दुरुस्त करने, बाटनागाढ़ में ट्रांसफार्मर लगाने, मंदिर क्षेत्र में सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सुरक्षा के बीच पुलिस बल की शीघ्र तैनाती के लिए भी कहा। जिला पंचायत के एएमए भागवत पाटनी, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, सीओ विवेक सिंह कुटियाल, ऊर्जा निगम के एई मयंक भट्ट, जलसंस्थान के एई बीएस कुआर्बी, लोनिवि के जेई तनुजा देव, अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी, बनबसा नगर पंचायत की ईओ प्रियंका रैक्वाल, मंदिर समिति के पूर्व अध्यक्ष भुवन पांडे, टैक्सी यूनियन के महासचिव नारायण गैड़ा आदि उपस्थित थे।

