चंपावत : उत्तराखंड में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए चंपावत जिले के टनकपुर स्थित मां पूर्णागिरी मंदिर दर्शन यात्रा पर रोक लगा दी गई है. 16 सितंबर से 19 सितंबर तक मां पूर्णागिरी यात्रा पर रोक रहेगी. वहीं, रास्ते में फंसे मां पूर्णागिरी के दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को टनकपुर भेजा जा रहा है.

चंपावत पुलिस ने बताया कि अब 19 सितंबर के बाद श्रद्धालु मां पूर्णागिरी के दर्शन कर सकेंगे. ककरालीगेट, बूम, ठुलीगाड़ में पुलिस की व्यवस्था की जा रही है. वहीं, फंसे हुए यात्रियों को वापस टनकपुर भेजा जा रहा है. धाम में देवी के दर्शन के लिए पांच स्थानों पर नालों और रोखड़ के कारण जलस्तर बढ़ने का खतरा है।
वहीं मां पूर्णागिरी मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी ने कहा कि प्रशासन के निर्णय का पालन कराने में समिति पूरा सहयोग करेगी. वहीं टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग गुरुवार को दिन भर खुला रहा.
हालांकि सिन्याड़ी और स्वांला में मलबा आने से दिन में चार बार कुल ढाई घंटे यातायात प्रभावित रहा। इन जगहों पर मशीनें रखी गई हैं। रास्ता बंद होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए सरकार की ओर से जिला स्तर तक विशेष सावधानी बरती जा रही है.

