चंपावत , PAHAAD NEWS TEAM
राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी सी रविशंकर ने चंपावत में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से उपचुनाव कराने के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लिया. बुधवार को उन्होंने जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी और चुनाव व्यवस्था के नोडल अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की. उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि चुनाव में लगे सभी मतदान कर्मियों, माइक्रो ऑबर्जवर समेत विभिन्न टीमों का पहला प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरा हो चुका है. दूसरे प्रशिक्षण की तैयारी चल रही है। बताया कि अपसेंटी मतदाता, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाता और दिव्यांग मतदाता अपने घर पर आवेदन के अनुसार 21 व 22 मई को मतदान दल गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए उनके घर पर ही मतदान कराएंगे. कुल 753 मतदाताओं के लिए 45 मतदान दलों का गठन किया गया है।
इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। बताया कि 26 मई को टीम उन अप वोटरों को री-वोटिंग करने के लिए उनके घर पर जाएगी, जो किसी कारण से छूट गए हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधानसभा के तहत सखी बूथ व मॉडल बूथ बनाया गया है. चुनाव में लगे कर्मियों का पहला प्रशिक्षण हो चुका है।
दूसरा प्रशिक्षण 23 व 24 मई को होगा। बताया कि ईवीएम का पहला रेंडमाइजेशन किया जा चुका है। दूसरा रेंडमाइजेशन 19 मई को पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में किया जाएगा। मतगणना कर्मियों का पहला रेंडमाइजेशन 19 मई, प्रशिक्षण 26 मई और दूसरा प्रशिक्षण 28 मई को किया जाएगा।
बताया कि विधानसभा के तहत रिजर्व सहित 167 मतदान दल गठित किए गए हैं। मतदान से दो दिन पहले 29 मई को दूरदराज के इलाकों से 16 टीमें अपने-अपने बूथों के लिए रवाना होंगी। विधानसभा के तहत 76 बूथों पर वेबकास्टिंग व नौ शेडो एरिया में पुलिस वायरलेस के माध्यम से संचार व्यवस्था की जाएगी ।
बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों द्वारा बूथों का लगातार निरीक्षण भी किया जा रहा है. वर्चुअल बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा और चुनाव से जुड़े सभी नोडल अधिकारी मौजूद रहे.

