चंपावत , PAHAAD NEWS TEAM

चंपावत जिले में सोमवार रात हुए सड़क हादसे में 14 लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी. इस हादसे में सिर्फ दो लोग जीवित हैं। दोनों का हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है. जिसमें प्रकाश राम मैक्स कार के ड्राइवर भी हैं। प्रकाश राम ने PAHAAD NEWS को हादसे की वजह और पूरा सच बताया है कि मैक्स कार खाई में कैसे गिरी।

प्रकाश राम ने बताया कि जहां यह हादसा हुआ, वहां काफी चढ़ाई थी । सड़क पर बहुत सारे पत्थर थे और एक पत्थर गाड़ी के नीचे आ गया, जिससे गाड़ी फिसल गई और मैक्स का टायर सीधे खाई में जा गिरा। प्रकाश राम के मुताबिक मैक्स में उनके अलावा 15 और लोग मौजूद थे। बारात से सभी लोग आ रहे थे।

चालक प्रकाश राम की माने तो हादसे का मुख्य कारण पत्थर के चलते गाड़ी का फिसलना ही है। प्रकाश राम ने बताया कि गाड़ी के खाई में गिरने के बाद भी वह होश में थे. इसके बाद उन्होंने वहां से घर फोन किया, तभी सभी को हादसे की जानकारी मिली। गाड़ी खाई में गिरी तो प्रकाश राम छिटक कर दूर जा गिरे थे , जिससे उसकी जान बच गई।

बता दें कि सोमवार की रात मैक्स गाड़ी बनबसा से चंपावत जा रही थी, जो बीच रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गई थी. मैक्स सीधे खाई में गिर गई थी। हादसे के दौरान गाड़ी में चालक समेत 16 लोग मौजूद थे, जिनमें से 14 की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में मैक्स चालक प्रकाश राम समेत सिर्फ दो लोग बाल-बाल बचे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को सुशील तिवारी अस्पताल पहुंचे और चंपावत हादसे में बचे दोनों लोगों का हालचाल लिया था . साथ ही उन्होंने बताया था कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. जांच की जिम्मेदारी एसपी चंपावत को दी गई है।