चंपावत, PAHAAD NEWS TEAM
चंपावत विस से चुनाव जीतकर भाजपा प्रत्याशी कैलाश गहतोड़ी ने खटीमा विस से हारने वाले सीएम पुष्कर सिंह धामी के लिए सीट छोड़ने का ऐलान किया है। उनका कहना है कि अगर सीएम चुनाव लड़ने के लिए राजी होते हैं तो वह इस्तीफा देने को तैयार हैं। भाजपा प्रत्याशी गहतोड़ी ने कहा कि आज राज्य में जितनी भी सीटें भाजपा के पक्ष में आई हैं, वह धामी की वजह से हैं.
कहा कि छह महीने पहले प्रदेश के मुखिया का पदभार संभालने वाले सीएम धामी ने लगातार प्रदेश की सेवा में तत्परता दिखाई. कहा कि दुर्भाग्य से उन्हें खटीमा के लोगों का समर्थन नहीं मिल सका. गहतोड़ी ने कहा कि भाजपा ने पुष्कर धामी के चेहरे पर राज्य में चुनाव जीता है। इसलिए वह सीएम पद के हकदार हैं।
उनके अलावा समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी का उदाहरण देते हुए पुष्कर धामी को फिर से उत्तराखंड का सीएम बनाने की मांग की है. बीजेपी प्रत्याशी ने कहा कि अगर सीएम चुनाव लड़ने के लिए हां कहते हैं तो वह चंपावत सीट से इस्तीफा देने को तैयार हैं. गहतोड़ी ने कांग्रेस के हेमेश खर्कवाल को हराकर लगातार दूसरी बार चुनाव जीता।

