चंपावत , पहाड़ न्यूज़ टीम
31 मई को चंपावत उपचुनाव के लिए वोटिंग होनी है. इससे पहले कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर धमकी देने और बैनर और पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया है. गहतोड़ी ने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है। बता दें, चंपावत उपचुनाव में निर्मला गहतोड़ी बीजेपी के उम्मीदवार और सीएम पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं.
कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा कि भाजपा उन्हें कार्यालय नहीं खोलने दे रही है। निर्मला गहतोड़ी ने बीजेपी पर मातृ शक्ति का अपमान करने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने भाजपा प्रत्याशी सीएम पुष्कर सिंह धामी पर धनबल का इस्तेमाल कर चुनाव को प्रभावित करने का आरोप लगाते हुए जनता और गोलू देवता से न्याय की अपील की है.
आपको बता दें, चंपावत उपचुनाव के लिए 31 मई को वोटिंग होगी और 3 जून को नतीजे आएंगे. दरअसल, धामी अपनी पारंपरिक सीट खटीमा से विधानसभा चुनाव हार गए थे। इसके बावजूद बीजेपी ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बना दिया. धामी का चुनाव लड़ने के लिए चंपावत से पार्टी के विधायक कैलाश गहतोड़ी ने अपनी सीट छोड़ दी थी। सीएम धामी को 6 महीने के अंदर विधानसभा की सदस्यता लेनी है। इसलिए चंपावत विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं.

