खटीमा , PAHAAD NEWS TEAM
चंपावत जिले के टनकपुर में देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी से पेड़ उखड़ गए. वहीं टनकपुर के रेलवे स्टेशन रोड पर पाकड़ के पेड़ के नीचे आठ लोग दब गए, जिसमें 2 की मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए टनकपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है.
उल्लेखनीय है कि देर शाम टनकपुर रेलवे स्टेशन रोड पर तेज हवाओं के कारण एक पाकड़ का पेड़ गिर गया, जिससे 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए. बरेली निवासी मोहित कश्यप (17) और न्यूरिया जिला पीलीभीत निवासी मोहम्मद उमर (60) की पेड़ की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई.
हादसे में न्यूरिया जिला पीलीभीत निवासी मोहम्मद हबीब (65), बरेली निवासी पारस कश्यप (18), टनकपुर निवासी जब्बार हुसैन (30), श्यामलाताल निवासी हिमांशु तिवारी, टनकपुर निवासी कुणाल और टनकपुर निवासी सुभान घायल हो गए. घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा, घायलों को बचाया गया और टनकपुर सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, तेज हवाओं और खराब मौसम के कारण राहत एवं बचाव दल को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.

