चमोली : उत्तराखंड के मुख्य सचिव डॉ. सुखवीर सिंह संधू ने रविवार को जोशीमठ पहुंचे और भूधंसाव क्षेत्रों का मौका मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया. इस दौरान मुख्य सचिव के अलावा पुलिस के डीजीपी अशोक कुमार और मुख्यमंत्री के सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम भी मौजूद थी।
मुख्य सचिव ने कहा कि देश के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की टीम भूधंसाव के कारणों का पता लगा रही है और जो भी जरूरी इलाज होगा, वह यहां किया जाएगा. मुख्य सचिव ने कहा कि तात्कालिक परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए स्थानीय प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी सूरत में जोखिम न उठाएं। ऐसे में कभी भी नुकसान ज्यादा हो सकता है। जहां जिला प्रशासन द्वारा व्यवस्था की गई है वहां शिफ्ट जल्दी करें। इस दौरान मुख्य सचिव ने मनोहर बाग, सिंग्धार, मारवाडी स्थित जेपी कंपनी के प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया. जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने मुख्य सचिव को आपदा की स्थिति से अवगत कराया।

