श्रीनगर: उत्तराखंड में प्रकृति का भीषण रूप थमने का नाम नहीं ले रहा है. पौड़ी जिले के श्रीनगर तहसील क्षेत्र के रितपुरा और जोगड़ी गांव में बीती देर रात जोरदार बारिश हुई. किसी अप्रिय घटना की आशंका से लोगों की रातों की नींद उड़ गई। दोनों गांवों में करीब 70 से 80 खेत जम्मींदोज हो गए।

बारिश से हुई तबाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों गांवों को जाने वाले रास्ते भी पूरी तरह से टूट चुके हैं. इसके अलावा बिजली और पानी की लाइनें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। श्रीनगर से प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और आपदा से हुए नुकसान का जायजा ले रही है.

प्रशासन के अनुसार रात के 12 बजे दोनों गांवों में बादल फटने की सूचना मिली थी . डिप्टी कलेक्टर श्रीनगर अजयवीर सिंह अपनी टीम के साथ खितपुरा और जोगड़ी गांव पहुंच गए हैं. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया है. अधिकारियों को सभी के मुआवजे के संबंध में फाइल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।