चमोली। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैरसैंण का औचक निरीक्षण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों के लिए दवा की उपलब्धता व अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जाना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत 50 बिस्तरों वाले उप जिला अस्पताल के नये भवन के कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की. उन्होंने कार्यदायी संस्था को जल्द निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं.प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार आयुष्मान योजना के तहत बजट बढ़ाया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि इस योजना का लाभ सभी कार्डधारकों को मिले।
इस अवसर पर विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, मुन्ना सिंह चौहान, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, जिलाधिकारी चमोली हिमांशु खुराना, एसपी प्रमेन्द्र डोभाल, सीएमओ डॉ. राजीव शर्मा, अपर जिलाधिकारी अभिषेक त्रिपाठी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

