देवप्रयाग विधानसभा में कांग्रेस की जवाब दो यात्रा की देवप्रयाग तहसील मुख्यालय से शुरुआत हो गई है। पूर्व काबिना मंत्री, मंत्री प्रसाद नैथानी की अगुवाई में आगामी 20 अगस्त तक यात्रा सभी न्याय पंचायत में पहुंचेगी। इसके साथ ही कांग्रेस सेवा दल ने भारत छोड़ो आंदोलन की 79वीं वर्षगांठ पर राष्ट्रीय तिरंगा पद यात्रा निकाल कर यहां ध्वज वंदन भी किया।सोमवार को कांग्रेस ने देवप्रयाग विधानसभा में प्रदेश व क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को लेकर जवाब दो यात्रा की शुरुआत की। यात्रा संयोजक मंत्री प्रसाद नैथानी किसी कारणवश यात्रा की शुरुआत में नहीं पहुंच पाये। जिस पर देवप्रयाग ब्लॉक अध्यक्ष कुंदन सिह बिष्ट व कीर्तिनगर ब्लॉक अध्यक्ष रघुवीर सिंह भंडारी ने पार्टी कार्यकर्ताओ के साथ यात्रा की शुरुआत की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर भर में जुलूस निकाल कर तहसील मुख्यालय पर धरना दिया। जवाब दो यात्रा में देवस्थानम बोर्ड, एनसीसी अकादमी, बदरीनाथ धाम मास्टर प्लान, राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान के निर्माण व कुंभ क्षेत्र देवप्रयाग को बजट न दिये जाने, तीर्थनगरी में बस अड्डे पर पार्किंग निर्माण न किये जाने आदि मुद्दे शामिल हैं। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार देवप्रयाग विधानसभा के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। यहां स्वीकृत एनसीसी अकादमी को पौड़ी शिप्ट किया गया। देवप्रयाग तीर्थपुरोहित समाज की अनदेखी कर बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान लागू किया जा रहा है। कहा कि कांग्रेस शासन में स्वीकृत कुंभ क्षेत्र देवप्रयाग को इस वर्ष आयोजित कुंभ में कोई बजट नहीं दिया गया। देश के 13वें राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान का निर्माण भी यहां बजट न दिये जाने से ठप पड़ा है। आक्रोशित कांग्रेसजनों ने इन मुद्दों का जबाब मांगते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता इसका माकूल जवाब देगी। इस मौके पर तिरंगा यात्रा भी आयोजित हुई जिसमें राष्ट्रीय गान के साथ तिरंगे की वंदना की गयी। जबाब दो यात्रा व तिरंगा यात्रा में नगर अध्यक्ष त्रिवेंद्र सिह रावत, सेवादल अध्यक्ष राजेंद्र चंद, प्रदेश सचिव राकेश बिष्ट व श्याम लाल आर्य, जिला प्रवक्ता उत्तम असवाल, मुकेश प्रयाग वाल, दीपक रतूड़ी, राम नारायण नौटियाल, मकान सिंह चौहान, डॉ. जेपी उनियाल, सुनील कुमार, माणिक लाल, आशीष पंवार, जगदीश आर्य, अनुसूया मिश्रा, शीला पंचभैया, मंगला, मालिनी भट्ट, माया पंचभैया, पूजा, रोशनी रावत, कवलजीत, पूर्णानन्द चमोली आदि मौजूद रहे।