टिहरी गढ़वाल |  धनोल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में बुधवार को आयोजित कांग्रेस पार्टी की परिवर्तन संकल्प यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली। यात्रा के थत्यूड़ पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक ढोल-दमाऊ की धुनों के साथ नेताओं का स्वागत किया।

परिवर्तन यात्रा पुराने बाजार से मुख्य बाजार तक निकाली गई, जिसके बाद रामलीला मैदान में एक जनसभा आयोजित हुई। सभा में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, पलायन, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई, रोजगार की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव जैसी समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम नहीं कर रही है और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने कहा कि प्रदेश की जनता परिवर्तन चाहती है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान तेज करने और सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, विधायक विक्रम सिंह नेगी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशा रावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सोमवारी लाल नौटियाल ने किया।