देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को देहरादून के गढ़ी कैंट में उत्तराखंड उद्यानिकी विभाग द्वारा ईको टास्क फोर्स को उपलब्ध कराए गए बोलेरो वाहनों व मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इसी दौरान ईको टास्क फोर्स को 02 बोलेरो पिकअप व 10 मोटरसाइकिल सौंपी गई।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर घोषणा की कि भविष्य में उद्यानिकी विभाग द्वारा ईको टास्क फोर्स के लिए छह पॉलीहाउस बनाये जायेंगे, जिनमें से चार पॉलीहाउस परियोजना क्षेत्रों में तथा दो पॉलीहाउस बटालियन मुख्यालय में बनाये जायेंगे. लोक निर्माण विभाग की ओर से दोनों परियोजना क्षेत्रों में मानसून शुरू होने से पहले बारिश के पानी को जमा करने के लिए 120 दिनों के लिए दो जेसीबी दी जाएगी।

ईको टास्क फोर्स के सहिया, कस्याली तथा बटालियन मुख्यालय में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत जल भण्डारण हेतु 50 हजार लीटर की क्षमता की टंकियों का निर्माण कराया जायेगा। ईको टास्क फोर्स की 10 नर्सरी में सिंचाई व्यवस्था बनाई जाएगी। देहरादून, सहिया तथा कस्याली परियोजना स्थलों पर उत्तराखंड अक्षय ऊर्जा विकास एजेंसी (यूआरडीए) द्वारा 100 किलोवाट के सौर पैनल उपलब्ध कराए जाएंगे। सभी सरकारी विभागों में प्राप्त ईको टास्क फोर्स के प्रस्तावों को पूर्ण प्राथमिकता दी जायेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जिस उद्देश्य के लिए ईको टास्क फोर्स की स्थापना की गई है, उसे पूरा करने के लिए टीम लगातार प्रयास कर रही है. 127 इको टास्क फोर्स राज्य की पहली पर्यावरण इकाई है, जिसकी स्थापना 01 दिसंबर 1982 को गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर लैंसडाउन में की गई थी।उन्होंने कहा कि 127 इको टास्क फोर्स नें स्थापना के बाद से गढ़वाल क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार अच्छा कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत 40 वर्षो में 127 ईको टास्क फोर्स ने उत्तराखण्ड राज्य के 1200 से अधिक भूतपूर्व सैनिकों को यूनिट में भर्ती करके टिहरी, चमोली, देहरादून, तथा सीमान्त क्षेत्रों माणा तथा मलारी में लगभग 20,698 हैक्टेयर भूमि पर करीब 1 करोड 98 लाख पौधों का रोपण किया, यह एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वन विभाग को 127 और 130 ईको टास्क फोर्स की चार वित्त पोषित कम्पनियों के लिये पाँच साल एफ. ई. के विस्तार की सहमति देने के लिये आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है. इसके लिए ईको टास्क फोर्स का भी लगातार सहयोग मिल रहा है। उत्तराखंड को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए सरकार नए उत्तराखंड संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

सेना कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ईको टास्क फोर्स उत्तराखंड में पर्यावरण संरक्षण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। प्रदेश में उनके द्वारा वृक्षारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न गतिविधियां की जा रही हैं।

इस अवसर पर जी.ओ.सी उत्तराखण्ड सब एरिया मेजर जनरल संजीव खत्री, कर्नल रोहित श्रीवास्तव, हीरो मोटोकॉर्प के प्लांट हेड श्री यशपाल सरदाना एवं ईको टास्क फोर्स के सदस्य उपस्थित थे।