चमोली । देश की सबसे लंबी मिलेट क्रांति साइकिल रैली दो दिन में 235 किलोमीटर का सफर तय कर शनिवार देर शाम कर्णप्रयाग पहुंची। शनिवार को रैली ने श्रीनगर से कर्णप्रयाग तक 90 किमी की दूरी तय की। रुद्रप्रयाग विधायक भरतसिंह चौधरी ने रुद्रप्रयाग में मिलेट क्रांति साइकिल रैली का स्वागत किया। इस दौरान विधायक चौधरी ने कहा कि नथुली संस्था द्वारा आयोजित यह साइकिल रैली आने वाले भविष्य में मिलेट क्रांति की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी.
जिसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों एवं सभी साइकिल चालकों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता झिक्वाण, जिला अध्यक्ष व्यापार मंडल अंकुर खन्ना, सभाषद सुरेंद्र रावत, नगर अध्यक्ष व्यापार मंडल राय सिंह बिष्ट, नगर महामंत्री व्यापार मंडल शूरवीर सिंह बिष्ट, एवं नगर कोषाध्यक्ष व्यापार मंडल राजीव सेठी आदि मौजूद थे।
रैली के अगले चरण में नगरासु में उद्योगपति व शिक्षक नागेंद्र रावत व उनकी पत्नी ने नगाड़ा बजाकर व फूल बरसाकर मिलेट क्रांति में नया जोश भर दिया. मिलेट क्रांति साइकिल रैली जैसे ही गांव चौकी पर पहुंची, ग्रामीणों ने ढोल, दमाउं, मशनबीन, भन्कोर, एवं मांगल गीत गाकर रैली का तिलक लगाकर विधिवत स्वागत किया, पारंपरिक परिधान में नजर आईं गांव की महिलाएं .दोपहर भोज में सभी गांव वालों ने मिलकर विभिन्न प्रकार के व्यंजन परोसे जिसमे से मंडुए की रोटी, लाल भात, भंगजीरे की चटनी, गुड्यारे की सब्जी (प्याज के पत्ते), कद्दू की मीठी सब्जी, रेठु (कद्दू का रायता) तथा मोटी पहाड़ी दालों ने अन्य प्रदेशों से आये साइकलिस्टो का मन मोह लिया।
संस्था की संथापिका सुमन नैनवाल गांव वालों को तरह-तरह के मोटे अनाजों की जानकारी देती हैं और उनके फायदे बताती हैं. जिसमें ग्रामीणों ने उत्साह से सवालों के जवाब दिए और अंत में शपथ ली कि अब से वे भी इस बारे में सबको बताएंगे। इस अवसर पर अपर कृषि निदेशक डॉ. परमाराम, मुख्य कृषि अधिकारी चमोली वीपी मौर्य, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी कर्णप्रयाग डॉ. आशुतोष बड़थ्वाल, कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी थराली सुरेंद्र कुमार, कृषि वैज्ञानिक केवीके चमोली डॉ. अनिल पंवार आदि मौजूद थे।
उन्होंने ग्रामीणों को मोटे अनाज की खेती और व्यावसायीकरण से संबंधित सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। शाम 5 बजे गौचर नगर पालिका के अध्यक्ष व सभी सदस्यों ने फूल बरसा कर मिलेट के क्रांतिकारियों का स्वागत किया. यहां से रैली दूसरे दिन के अंतिम पड़ाव कर्णप्रयाग के लिए रवाना हुई। कर्णप्रयाग में नगर पालिका अध्यक्ष दमयंती रतूड़ी व समस्त पार्षदों ने मिलेट के क्रांतिकारियों का ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया।

