उधमसिंहनगर जनपद के सीमांत क्षेत्र खटीमा में सुजिया महोलिया गॉव में घर के बाहर खेत में घास काट रही बुजुर्ग महिला पर मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गयी है । घायल महिला का निजी अस्पताल में चल रहा है।सीमांत तहसील खटीमा के सुजिया महोलिया गॉव में आज दिन में 70 वर्षीय जानकी देवी पर उनके घर के बाहर खेत में घास काटते हुए एक मगरमच्छ ने जानलेवा हमला कर दिया। मगरमच्छ के हमले में बुरी तरीके से महिला घायल हो गई। महिला की चीख सुनकर परिजन पहुंचे तो मगरमच्छ खेत में भाग गया। घायल महिला को तत्काल परिजनों द्वारा सरकारी अस्पताल खटीमा ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों द्वारा उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। महिला के परिजनों द्वारा घायल महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज कराया गया है। वहीं, निजी अस्पताल के डॉ विवेक अग्रवाल का कहना है कि महिला के शरीर में कई स्थानों पर मगरमच्छ के दांत के निशान हैं। महिला की सर्जरी कर उसके घावों को भरा गया है। अब महिला खतरे से बाहर है। खटीमा वन विभाग का कहना है कि उन्हें एक महिला पर मगरमच्छ द्वारा हमला कर घायल करने की सूचना मिली है। मौके पर वन विभाग की टीम को भेजा गया है। साथ ही वन विभाग ने जनता से अपील की है कि बरसात के मौसम में खेतों में काम के लिए जाने पर आम जनता सावधानी बरते क्योंकि सिंचाई विभाग की नहरों में भारी मात्रा में मगरमच्छ हैं जो बरसात के सीजन में नहरों से निकलकर खेतों में पहुंच जाते हैं।