देहरादून: उत्तराखंड पुलिस की सूची में वांटेड यूट्यूबर बॉबी कटारिया को 6 अक्टूबर तक बी वारंट के तहत देहरादून कोर्ट में पेश होना होगा. तिहाड़ जेल से दिल्ली पुलिस बॉबी कटारिया को हिरासत में लेकर देहरादून कोर्ट में पेश करेगी. एसपी सिटी सरिता डोभाल के मुताबिक दूसरी बार देहरादून कोर्ट से बी वारंट जारी कर पेशी की तारीख तय की गई है.

जानकारी के मुताबिक इससे पहले 27 सितंबर को देहरादून थाना कैंट की याचिका पर कोर्ट ने बॉबी कटारिया के खिलाफ बी वारंट जारी किया था. जिसके तहत बॉबी को 1 अक्टूबर को कोर्ट में पेश होना था, लेकिन किन्हीं कारणों से दिल्ली पुलिस उसे तिहाड़ जेल से तय तारीख पर देहरादून लाकर कोर्ट में पेश नहीं कर पाई. ऐसे में फिर एक अक्टूबर को थाना कैंट ने बी वारंट के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की. जिसके बाद कोर्ट ने फिर से पुलिस की अपील को मंजूर करते हुए 6 अक्टूबर को पेश होने के आदेश जारी किए हैं.

गौरतलब है कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर बॉबी कटारिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। जिसमें बॉबी कटारिया शराब पीते हुए वीडियो वायरल देहरादून-मसूरी रोड पर कुर्सी और टेबल के साथ सार्वजनिक रूप से नजर आए। इसके साथ ही वह बुलेट से खतरनाक स्टंट भी करते नजर आए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई, लेकिन बॉबी कटारिया ने इसके उलट उत्तराखंड पुलिस को चुनौती दी थी.

जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए बॉबी कटारिया के खिलाफ देहरादून के थाना कैंट में आईपीसी की धारा 290/510/336/342 और 67 आईटी एक्ट (बॉबी कटारिया के खिलाफ मामला दर्ज) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, बॉबी कटारिया ने उत्तराखंड पुलिस के नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। जिसके बाद कैंट पुलिस को देहरादून की एक अदालत से गैर जमानती वारंट प्राप्त हुआ। पुलिस लगातार नोटिस भेजकर बयान देने के लिए हाजिर होने को कह रही थी, लेकिन सभी नोटिसों की अवहेलना करते हुए बॉबी कटारिया बयान देने पुलिस के पास नहीं पहुंचे.

वहीं, देहरादून पुलिस ने बॉबी की गिरफ्तारी के लिए ₹25000 के इनाम की घोषणा की। उसके बाद पुलिस ने बॉबी के गुरुग्राम स्थित आवास पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। बॉबी दिल्ली पुलिस की डायरी में वांटेड था, उसने सितंबर के आखिरी हफ्ते में दिल्ली की अदालत में सरेंडर किया था. जहां से उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई के बाद बॉबी कटारिया को दिल्ली कोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन इसी बीच देहरादून कोर्ट ने बॉबी को पेश करने को लेकर तिहाड़ जेल में बी वारंट भेज दिया है. यही वजह रही कि जमानत के बावजूद बॉबी कटारिया जेल से रिहा नहीं हुए।

कौन हैं बॉबी कटारिया: बॉबी कटारिया एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं, वे गुरुग्राम, हरियाणा के रहने वाले हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं. बॉडी बिल्डिंग के शौकीन कटारिया खुद को सामाजिक कार्यकर्ता बताते हैं। कटारिया गुरुग्राम के बसई गांव से ताल्लुक रखते हैं और सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। उनका असली नाम बलवंत कटारिया है।