देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिमालयन सेंटर द्वारा तैयार ‘पहाड़ी गमछा ‘ का लोकार्पण शनिवार को किया. इसका उद्घाटन अपने सरकारी आवास से करते हुए सीएम धामी ने कहा कि ब्रह्मकमल टोपी की तरह पहाड़ी गमछा भी उत्तराखंड की पहचान का प्रतीक बनेगा.

पहाड़ी गमछा तैयार हिमालयन सेंटर के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) समीर शुक्ला ने मुख्यमंत्री को उनके उत्पाद को लॉन्च करने के लिए धन्यवाद दिया। समीर ने कहा कि वह उत्तराखंड के अनूठे कपड़ों और वेशभूषा को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की कोशिश कर रहे हैं. इसकी लोकप्रियता तब से बढ़ी है जब प्रधानमंत्री ने इस साल फरवरी में हुए राज्य विधानसभा चुनावों से पहले अपनी बैठकों में ब्रह्मकमल टोपी पहनी थी।

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के दौरान उत्तराखंड की पहाड़ी टोपी ने अपनी अलग पहचान बनाई थी। चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी और सीएम धामी समेत कई नेताओं ने टोपी पहनकर प्रचार किया. सीएम धामी ने इस टोपी को पहनकर बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार का स्वागत किया।

73वें गणतंत्र दिवस के मौके पर पीएम मोदी की ड्रेस और परिधान ने खूब सुर्खियां बटोरी. राजपथ पर आयोजित समारोह में पीएम मोदी न साफे में पहुंचे, न पगड़ी में, लेकिन इस बार वह अलग अंदाज में नजर आए. दरअसल, मोदी के सिर पर ब्रह्म कमल वाली पहाड़ी टोपी आकर्षण का केंद्र रही। इस टोपी ने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी। इस टोपी को हिमालयन सेंटर में बनाया गया था। अब हिमालयन सेंटर ने पहाड़ी गमछा तैयार किया है।