देहरादून: डीजीपी अशोक कुमार (DGP Ashok Kumar) ने पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में पौड़ी के सिमड़ी गांव के पास हुए हादसे में घायलों की मदद करने वाले लोगों (बस दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले) को गुड समैरिटन स्कीम के तहत सम्मानित किया । बस हादसा 4 अक्टूबर को पौड़ी के धूमाकोट थाना क्षेत्र के सिमडी गांव के पास हुआ था. जिसमें 34 लोगों की मौत हो गई और 19 लोग घायल हो गए.
उल्लेखनीय है कि चार अक्टूबर को पौड़ी गढ़वाल जिले के धूमाकोट थाना क्षेत्र के सिमडी गांव के पास देर शाम बारातियों की एक बस गहरी खाई में गिर गयी थी, जिसमें 34 लोगों की मौत हो गयी थी और 19 लोग घायल हो गये थे. इस विकट परिस्थिति में स्थानीय लोगों (जनार्दन प्रसाद जोशी, राजेश कुमार, संदीप सिंह, दिनेश सिंह रावत, जितेंद्र सिंह, संदीप सिंह, आशीष जोशी एवं प्रवेंद्र सिंह) ने राहत, खोज एवं बचाव कार्य में पुलिस का भरपूर सहयोग किया. जिसे डीजीपी अशोक कुमार ने 85 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि उत्तराखंड में हर साल सड़क हादसों में एक हजार लोगों की जान चली जाती है। पूरे देश में यह आंकड़ा करीब डेढ़ लाख है, जो बहुत बड़ी संख्या है। इसको लेकर केंद्र सरकार और राज्य सरकार काफी गंभीर है। भारत सरकार के सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाले नुकसान को कम करने के उद्देश्य से गुड सेमेरिटन योजना शुरू की है, जिसमें नेक लोगों को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने के लिए पुरस्कृत किया जाता है। है।

