देहरादून : उत्तराखंड के खेल विभाग की ओर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों और कोचों की पुरस्कार राशि में वृद्धि की गयी है. खेल पुरस्कारों की राशि में 30 से 100 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। इस संबंध में विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार ने आदेश जारी किया है। इससे खिलाड़ियों में खुशी की लहर है।
पदक विजेताओं की बल्ले बल्ले : उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ी को इनाम के तौर पर दो करोड़ रुपये मिलेंगे. ओलंपिक में भाग लेने के लिए 50 लाख दिए जाएंगे। वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन चैंपियनशिप, कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप, नेशनल गेम्स में मेडल विनर्स के अवॉर्ड्स की रकम भी बढ़ा दी गई है. शासनादेश के अनुसार उस खिलाड़ी को देय राशि का 50 प्रतिशत समान रूप से कोचों को दिया जाएगा, इन सभी खेलों में पदक के आधार पर राशि तय की गई है.
प्रतियोगिता से पहले दी जाएगी 20 प्रतिशत राशि: शासनादेश में यह भी कहा गया है कि ओलंपिक, विश्व कप, एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों में चयन के बाद खिलाड़ी को संबंधित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वैध राशि का 20 प्रतिशत पहले ही उपलब्ध कराया जाएगा । इसे प्रतियोगिता में भाग लेने या पदक जीतने के लिए प्राप्त राशि में समायोजित किया जाएगा। यदि खिलाड़ी संबंधित प्रतियोगिता में भाग नहीं लेता है, तो पहले प्रदान की गई राशि वापस करनी होगी।
जूनियर और सब जूनियर के लिए ये नियम
जूनियर खिलाड़ियों को सीनियर वर्ग की पुरस्कार राशि का आधा हिस्सा मिलेगा। सब-जूनियर को एक-चौथाई पुरस्कार के रूप में मिलेगा।

