देहरादून। नगर निगम का तृतीय बोर्ड अधिवेशन आज आयोजित किया गया, जिसमें विधायक/सदस्यगण बृजभूषण गैरोला एवं सविता कपूर भी मौजूद रहे।

बैठक में नगर निगम के बजट व आय-व्यय, संडे मार्केट के स्थानांतरण, विभिन्न स्थानों पर लगाए जा रहे हाट बाजार, डॉग पॉलिसी, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व सोर्स सेग्रीगेशन सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई।

सदन में पार्षदों ने कूड़ा निस्तारण, पथ प्रकाश व्यवस्था, आवारा पशुओं व बंदरों की समस्या तथा निगम की भूमि पर अतिक्रमण जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया।

बैठक के दौरान वर्षाजनित आपदा के समय नगर निगम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की गई। जलभराव और डेंगू जैसी समस्याओं में पिछले वर्षों की तुलना में आई कमी पर सदन ने हर्ष व्यक्त किया। इसके अलावा, शहर को “हरित दून” बनाने के उद्देश्य से एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किए जाने की जानकारी भी साझा की गई।

बैठक में नगर आयुक्त नमामी बंसल, स्मार्ट सिटी, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, जल संस्थान, वन विभाग, यातायात पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।