देहरादून : घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को बुद्ध पार्क में प्रदर्शन किया । कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर आलू उबाले और सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर विरोध जताया। साथ ही केंद्र सरकार का पुतला भी फूंका। मौके पर मौजूद विधायक सुमित्र ह्देश ने भी सिर पर सिलेंडर उठाकर विरोध जताया।

विधायक सुमित्र ह्देश ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर आम आदमी का जीना दूभर कर रही है. सरकार को गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को वापस लेना चाहिए। होली से पहले रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर पेट्रोलियम कंपनियों ने आम आदमी को बड़ा झटका दिया है.

घरेलू गैस के साथ-साथ कंपनियों ने कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम भी बढ़ा दिए हैं। राजधानी दून में घरेलू गैस की कीमतों में 50 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। पहले यहां एक सिलेंडर 1072 रुपए में मिलता था, लेकिन बढ़ोतरी के बाद इसकी कीमत 1122 रुपए हो गई है।

वहीं, पांच किलो के गैस सिलेंडर में 51 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले पांच किलो का सिलेंडर 521 रुपये में मिलता था लेकिन अब यह 572 रुपये में मिलेगा।

10 किलो के सिलेंडर में 35 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले इसकी कीमत 764 रुपये थी लेकिन अब यह 799 रुपये में उपलब्ध होगा।

इसके अलावा कमर्शियल गैस के दाम में भी 350 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अभी तक दून में एक व्यवसायिक गैस सिलेंडर की कीमत 1812 रुपए थी। बढ़ोतरी के बाद अब यह 2162 रुपये में मिलेगा।

उत्तराखंड एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चमन लाल ने कहा कि ये कीमतें बुधवार से लागू कर दी गई हैं.