देहरादून : त्योहारी सीजन को देखते हुए विभागीय अधिकारियों को खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं. मिलावट रोकने के लिए खाद्य सामग्री की सैंपलिंग बढ़ाने, उत्तर प्रदेश से लगती सीमा पर सघन जांच अभियान चलाने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा है.
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा के कार्यालय कक्ष में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की समीक्षा बैठक ली. जिसमें उन्होंने त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए. खासकर दीपावली के बीच उत्तर प्रदेश से सटे जिलों की सीमाओं पर नकली मावा और नकली पनीर समेत दुग्ध उत्पादों की विशेष जांच के निर्देश दिए गए. विभागीय मंत्री ने कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच के अलावा आम लोगों को मिलावट के प्रति जागरूक करने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाया जाए और विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाए.

बैठक में विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों और खाद्य तेलों में मिलावट रोकने के लिए उत्तराखंड हेल्प डेस्क का गठन कर टोल फ्री नंबर 18001804246 जारी किया गया है. जिस पर कोई भी व्यक्ति मिलावट की शिकायत दर्ज करा सकता है। इसके अलावा किसी भी प्रकार की शिकायत व सुझाव विभाग की वेबसाइट ki.na.ha.a.in और विभागीय ईमेल-kib-jnjantindk/no.hva.post पर भी भेज सकते हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन दिनों में चलाये गये जांच अभियान के दौरान प्रदेश भर के 140 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया और विभिन्न खाद्य सामग्री के 104 नमूने जांच के लिये प्रयोगशाला भेजे गये. प्रभारी सचिव स्वास्थ्य एवं आयुक्त एफडीए डॉ0 आर0 राजेश, उपायुक्त अरूणेन्द्र सिंह चौहान, उप सचिव स्वास्थ्य के0के0 शुक्ल, ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह, उपायुक्त खाद्य जी.सी. कण्डवाल, आर0एस0 रावत, मनीष सयाना, पी0सी0 जोशी, रमेश सिंह, मंजू सिंह सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

