देहरादून : वसंतोत्सव 3, 4 और 5 मार्च को राजभवन में होगा. तीन दिवसीय वसंत उत्सव में पहली बार 16 विभिन्न श्रेणियों में 186 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने राज्य में महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से फूड कोर्ट स्थापित करने के निर्देश दिए हैं. मोटे अनाज को प्राथमिकता दी जाएगी। पहली बार रूफ टाप गार्डनिंग, बोनसाई गार्डनिंग और शहद प्रसंस्करण की प्रतियोगिताएं भी होंगी।

निजी भागीदारी को बढ़ावा मिले : राज्यपाल

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने सोमवार को राजभवन में वसंतोत्सव संबंधी फैसलों की अध्यक्षता की। राज्यपाल ने कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यक्रम के बजाय निजी भागीदारी को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने आईएचएम और जीएमवीएन से वसंतोत्सव के दौरान महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से फूड कोर्ट स्थापित करने को कहा। इस आयोजन में शहद उत्पादन, इत्र, सगंध पौधों, औषधीय जड़ी-बूटियों को भी बढ़ावा देगा। बागवानी, फूलों की खेती, शहद उत्पादन, जड़ी-बूटियों, जैविक खेती में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और किसानों को सम्मानित किया जाएगा।

राज्यपाल ने कहा कि फ्लोरीकल्चर के क्षेत्र में उत्तराखण्ड प्रमुख गंतव्य के रूप में उभरेगा। इस आयोजन को किसानों और उत्पादकों के लिए एक मंच के रूप में स्थापित किया जाना चाहिए। बैठक में बताया गया कि पुष्प प्रदर्शनी 3 मार्च को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक तथा 4 व 5 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक आम जनता के लिए खुली रहेगी.

आइटीबीपी, आइएमए, पीएसी, स्काउट एंड गाइड व पाइप बैंड की रोमांचक प्रस्तुति होगी। संस्कृति विभाग के सहयोग से लोक कलाकार राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। वाणिज्यिक, निजी फूल उत्पादकों सहित विभिन्न शासकीय उद्यानों से पुष्प प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिता, पुष्प आधारित रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। फूलों और प्राकृतिक सौन्दर्य पर आधारित फोटो प्रदर्शनी, पेंटिंग और विशेष डाक टिकटों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। मौके पर फोटोग्राफी भी होगी।

इस बैठक में राज्यपाल के सचिव डा रंजीत कुमार सिन्हा, सचिव डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, विधि परामर्शी राज्यपाल अमित कुमार सिरोही, अपर सचिव स्वाति एस भदौरिया, वित्त नियंत्रक डा तृप्ति श्रीवास्तव, उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण निदेशक डा एचएस बावेजा समेत कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.

उत्तराखंड ब्रेकिंग न्यूज़ :अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से आज सचिवालय में उत्तराखण्ड PCS मुख्य परीक्षा हेतु चयनित अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमण्डल ने मुलाकात की