देहरादून : एमडीडीए के सीमावर्ती क्षेत्र में बिना नक्शा पास कराए भूखंडों की रजिस्ट्री पर सख्ती होगी। साथ ही आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के मानचित्रों की स्वीकृति में तेजी लाने के लिए प्रत्येक शनिवार को प्रत्येक सेक्टर में विशेष शमन शिविर आयोजित किये जायेंगे. प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ बैठक में अपनी प्राथमिकताएं गिनायीं.

नवनियुक्त उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों के मानचित्र स्वीकृत करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए. जिससे भवन स्वामियों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजधानी क्षेत्र में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाए।

साथ ही अधिक से अधिक सामुदायिक भवनों के निर्माण एवं सुविधाओं के विकास पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप अधिकारी, इंजीनियर सरलीकरण, समाधान और संतोष की नीति पर काम करें.

उन्होंने राजधानी को हरा-भरा बनाने के लिए पौधारोपण के साथ ही हरित पट्टी विकसित करने को कहा। इस बैठक में सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त सचिव रजा अब्बास, अधीक्षण अभियंता एचसीएस राणा भी मौजूद थे.